मुरैना। जिले में साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘सेफ क्लिक अभियान 2.0’ के तहत माता बसैया थाना पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, माता बसैया शाखा तथा पीएम श्री केवी स्कूल जींगनी में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम संपन्न हुआ।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, माता बसैया शाखा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्राहकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी मोबाइल एप्लीकेशन तथा ओटीपी साझा करने से होने वाले साइबर अपराधों के बारे में जानकारी दी। ग्राहकों को समझाया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश या ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी तत्काल बैंक अथवा साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें।
कार्यक्रम के दौरान बैंक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्राहकों को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई गई तथा सुरक्षित डिजिटल लेन-देन अपनाने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प कराया गया।
वहीं, पीएम श्री केवी स्कूल जींगनी, अंबाह-मुरैना रोड पर विद्यार्थियों के लिए विशेष साइबर सुरक्षा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्रों को इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर साइबर सुरक्षा विषय पर क्विज प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाकर सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया।
‘सेफ क्लिक अभियान 2.0’ का उद्देश्य नागरिकों को साइबर ठगी एवं ऑनलाइन अपराधों के प्रति जागरूक बनाना है, ताकि प्रत्येक व्यक्ति सुरक्षित रूप से डिजिटल सेवाओं का उपयोग कर सके।