चित्तौड़गढ़़। निदेशक, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, राजस्थान जयपुर के निर्देशानुसार 17 जून से 26 जून तक आयोजित किए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत आज जिला प्रशासन एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा नशा मुक्ति जन चेतना रैली का आयोजन किया गया।
जिला कलक्टर परिसर से आयोजित रैली को जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिला महामंत्री रघु शर्मा, नारकोटिक्स विभाग, स्काउट विभाग के प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जन चेतना रैली कलेक्ट्रेट चौराहा से प्रारंभ होकर रोडवेज बस स्टेण्ड होते हुए चामटी खेड़ा चौराहा पर संपन्न हुई। रैली में नशा मुक्ति जनचेतना रथ के साथ विभिन्न नशा मुक्ति केंद्रों के लाभार्थी एवं शिक्षण संस्थाओं के छात्र शामिल हुए। प्रतिभागियों ने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति आमजन को जागरूक करते हुए नशा छोड़ने का संदेश दिया।
उपनिदेशक, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग जितेन्द्र कुमार गढ़वाल ने बताया कि नशा मुक्ति अभियान के साप्ताहिक कार्यक्रमों के अंतर्गत जन चेतना रैली का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान नुक्कड़ नाटक, रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिता, पोस्टर विमोचन, बैनर व होर्डिंग के माध्यम से जनजागरूकता सहित योग दिवस पर भी विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।