नीमच। जिला कलेक्टर कार्यालय पर आज जल संसाधन विभाग के माध्यम से अल्प वर्षा की स्थिति को देखते हुए एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।चूंकि अल्पवर्षा के चलते शहर में पेयजल संकट की स्थिति खड़ी हो गई है। खरीफ की फसलें चौपट हो गई है। यदि आगे इंद्रदेव नहीं बरसे तो आगामी फसलों के लिए भी परेशानी खड़ी हो जाएगी।
आज की बैठक में पेयजल और औद्योगिक क्षेत्र के लिए पानी के आरक्षण, 2023-24 में खरीफ व रबी सिंचाई के लिए लक्ष्य निर्धारण तथा सिंचाई पेयजल उद्योग से राजस्व वसूली की समीक्षा की गई। बैठक में यह भी तय किया गया कि जिन फसलों में पानी ज्यादा लगता है, जैसे गेहूं और लहसुन आदि की फसलों को किसान कम बोए। जनता पानी का अपव्यय न करें। पानी संचय कैसे किया जाए, इस पर भी विचार विमर्श किया गया।
बैठक में विधायक दिलीप सिंह परिहार, कलेक्टर दिनेश जैन, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, सीएमओ महेंद्र वशिष्ठ और अधिकारी उपस्थित रहे।