जैसलमेर। राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड राज्य मुख्यालय जयपुर के तत्वावधान में राज्य स्तरीय डेजर्ट ट्रैकिंग का आयोजन जिला मुख्यालय जैसलमेर पर ध्वजारोहण के साथ किया गया। इस अवसर पर जिला कलेक्टर डॉक्टर आशीष गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने ध्वजारोहण कर शुभारंभ किया तथा दोनों अधिकारियों ने लेजर ट्रैकिंग की सफलता हेतु अग्रिम शुभकामनाएं दी एवं रोवर रेंजर्स का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर शिविर संचालक एवं राज्य संगठन आयुक्त पूरन सिंह शेखावत ने शिविरार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को सशक्त एवं समर्थ बनाने की आवश्यकता है, सशक्त युवा ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण करता है। रोवर रेंजर को अपनी अंतर निहित शक्तियों को पहचान कर राष्ट्र के लिए सुयोग्य नागरिक तैयार करना इस संगठन का उद्देश्य है।
सीओ स्काउट जैसलमेर नरेंद्र कुमार खोरवाल ने बताया कि इस ट्रेकिंग में राजस्थान प्रदेश के सभी जिलों से 90 रोवर स्काउट एवं 88 रेंजर गाइड्स तथा 10 सदस्य संचालक दल सहभागिता कर रहे हैं।
ट्रेकिंग के प्रथम दिन राजस्थान प्रदेश के रोवर रेंजर्स ने जैसलमेर के स्थानीय दर्शनीय स्थलों सोनार का किला, पटवा हवेली, बा की हवेली, सीटी व्यू प्वाइंट, जैन मंदिर सहित विभिन्न दर्शनीय स्थलों का अवलोकन कर धार्मिक ऐतिहासिक एवं सामरिक महत्व की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर सहायक राजस्थान संगठन आयुक्त बाबू सिंह राजपुरोहित ने कार्यक्रम का संचालन किया एवं स्थानीय रोवर लीडर मुकेश कुमार हर्ष, सी ओ स्काउट महेश कलावत, ऋतु शर्मा, मोनिका यादव, रोवर लीडर डॉ विजेश कुमार, विकी कुमार, घनश्याम सैनी तथा रेंजर लीडर ट्विंकल मानावत, हिमांशी जैन, लक्ष्मी चौधरी, मदन सिंह सहित राजस्थान के विभिन्न प्रदेशों से आए हुए रोवर्स रेंजर्स उपस्थित रहे।