ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में प्रसिद्ध अचलेश्वर महादेव मंदिर की दान पेटियां जब खोली गईं, तो वहां न सिर्फ श्रद्धा का सैलाब दिखा, बल्कि कुछ बेहद ही अजब-गजब और अनोखी मन्नतें भी सामने आईं। हर महीने की तरह इस बार भी जब दान पेटियां खोली गईं, तो उनमें पैसों के साथ-साथ श्रद्धालुओं की ऐसी पर्चियां (अर्जियां) मिलीं, जो अब जमकर सुर्खियों में हैं।
चर्चा में रहीं ये ‘अजब-गजब’ अर्जियां
दान पेटी से निकलीं कुछ पर्चियों में श्रद्धालुओं ने भगवान के सामने बड़े ही अनोखे संकल्प और शर्तें रखी हैं। एक युवक की पर्ची इस समय सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बनी हुई है। उसने अपनी अर्जी में लिखा है- जब तक मेरी मासिक आय 1 लाख रुपये महीने नहीं हो जाती, तब तक मैं सड़क पर कितने भी सुंदर लड़के हों, उनकी ओर नहीं देखूंगा। एक अन्य श्रद्धालु ने अपनी आदत से परेशान होकर भगवान को गवाह बनाया। उसने लिखा- भूमिया बाबा की कसम खाता हूं, आज के बाद खुद से बातें नहीं करूंगा और न ही दिन में बेवजह सपने देखूंगा।
री-नीट परीक्षा में सफलता के लिए मन्नत
यदि ऐसा होगा तो मैं तुरंत खुद को रोकूंगा। कुछ गंभीर अर्जियां भी मिलीं, जिनमें से एक में श्रद्धालु ने री-नीट परीक्षा में सफलता पाने के लिए भगवान अचलेश्वर से दुआ मांगी है। इसके अलावा, हमेशा की तरह बड़ी संख्या में ऐसी पर्चियां भी मिलीं जिनमें लोगों ने अपने परिवार की खुशहाली, अच्छी नौकरी और बेहतर स्वास्थ्य के लिए मन्नतें मांगी थीं। मंदिर प्रबंधन के मुताबिक, हर महीने दान पेटी खोलने पर श्रद्धालुओं की इस तरह की भावुक और अनोखी अर्जियां अक्सर देखने को मिलती हैं।
दान में मिले लाखों रुपये और आभूषण
दान पेटी से सिर्फ पर्चियां ही नहीं, बल्कि भारी मात्रा में चढ़ावा भी निकला है। इसकी गणना के लिए एक पूरी टीम को लगाया गया था। दान राशि की गिनती को पारदर्शिता और तेजी से पूरा करने के लिए करीब 20 रिटायर्ड बैंक कर्मचारियों और डाक विभाग के अधिकारियों की टीम ने काम किया। दान पेटी से कुल 5 लाख 52 हजार रुपये की नकद राशि प्राप्त हुई है। नकदी के अलावा बड़ी मात्रा में सोने और चांदी के आभूषण भी श्रद्धालुओं द्वारा दान पेटी में समर्पित किए गए मिले हैं।