चित्तौड़गढ़। राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार ने सवा दो वर्षों में जनसेवा और विकास को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं। उनके नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन, विकास और जनकल्याण को नई गति मिली है। यह बात विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने गुरुवार को ग्राम सेमलिया एवं ओछड़ी में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि सरकार की पहचान जनता से सीधा संवाद, समस्याओं का त्वरित समाधान और पारदर्शी कार्यशैली से बनी है। क्षेत्र में विकास कार्यों की गति लगातार बढ़ रही है और गांवों में विकास की गंगा प्रवाहित हो रही है।
ग्रामीण सेवा शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया। विकास अधिकारी समुद्र सिंह ने बताया कि शिविर में ग्रामीण विकास, राजस्व, चिकित्सा, शिक्षा सहित कई विभागों की स्टॉल लगाई गई हैं, जहां लोगों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया जा रहा है।
विधायक आक्या ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी दिलाया और अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
इस अवसर पर तहसीलदार विपिन चौधरी, नायब तहसीलदार राहुल धाकड़, प्रशासक किशन धाकड़, प्रवर्तन अधिकारी सुमन तिवारी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।