प्रतापगढ़। शहर सहित मोहल्ला बावड़ी क्षेत्र में सड़क से नीचे धंसी नालियों की जालियां राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। बरसात के दौरान सड़क पर पानी भर जाने से जालियां दिखाई नहीं देतीं, जिससे वाहन गुजरते समय उछल जाते हैं और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय रहवासी जहीर भाई ने बताया कि कई स्थानों पर टूटी हुई जालियों पर अस्थायी रूप से पत्थर रख दिए गए हैं, जो कभी भी हादसे का कारण बन सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस मार्ग से गुजरने वाले दोपहिया वाहन चालक कई बार संतुलन खोकर गिर चुके हैं।
बताया गया कि मोहर्रम के दौरान जिला कलेक्टर भी क्षेत्र का निरीक्षण कर इस समस्या को देख चुकी हैं। इसके बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
रहवासियों ने नगर परिषद से मांग की है कि जर्जर एवं धंसी हुई नालियों की जालियों का शीघ्र मरम्मत या पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि बरसात के मौसम में संभावित दुर्घटनाओं से बचा जा सके।