हरदा। भारतीय किसान संघ (भाकिसं) की हरदा एवं सिराली इकाइयों ने गुरुवार को मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार राजेंद्र पंवार को तीन सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। संघ ने ग्रीष्मकालीन मूंग की शत-प्रतिशत खरीद की मांग की। चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो 4 जुलाई से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
किसानों ने कड़ी मेहनत से ग्रीष्मकालीन मूंग की फसल पैदा की है, जिसका औसत उत्पादन पांच क्विंटल प्रति एकड़ हुआ है। हालांकि, शासन स्तर से प्रति एकड़ मात्र एक क्विंटल 20 किलोग्राम मूंग की खरीद के निर्देश जारी किए गए। किसान संघ ने सरकार से किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए पैदावार का शत-प्रतिशत मूंग समर्थन मूल्य पर खरीदने की अपील की।
मूंग खरीदने दो केंद्र बनाने की मांग की
ज्ञापन में सिराली तहसील मुख्यालय पर मूंग खरीद के लिए दो केंद्र बनाने की भी मांग की। संघ ने बताया कि सुल्तानपुर वेयरहाउस सिराली तहसील के अंतिम छोर के गांवों से लगभग 40 किलोमीटर दूर है। इसके अतिरिक्त, वर्तमान में माचक नदी का पुल भी क्षतिग्रस्त है, जिससे किसानों को अपनी उपज बेचने में काफी समस्याओं का सामना करना पड़ेगा।
संघ की अन्य मांगों में वर्ष 2025-26 की सोयाबीन फसल की बीमा राशि का शीघ्र भुगतान शामिल है, जो अभी तक किसानों के खातों में नहीं डाली गई है।
4 जुलाई से आंदोलन की चेतावनी
खाद वितरण को लेकर भी मांगें रखी गईं। इसमें नगद खाद वितरण केंद्र (डीएमओ) के लिए तहसील मुख्यालय पर शीघ्र भूमि आवंटित कर डबल लॉक केंद्र खोलने, रासायनिक खाद वितरण में ई-टोकन प्रणाली को और अधिक सरल एवं प्रभावी बनाने और जिले में पर्याप्त मात्रा में खाद की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।
भारतीय किसान संघ हरदा इकाई के अध्यक्ष अरुण पटवारे ने दोहराया कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो 4 जुलाई से जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना आंदोलन किया जाएगा। तहसीलदार राजेंद्र पंवार ने बताया कि किसान संघ ने अपनी बात ज्ञापन के माध्यम से रखी है, जो शासन स्तर से संबंधित है और इसे वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा दिया जाएगा।