निम्बाहेड़ा। लायंस क्लब निम्बाहेड़ा द्वारा बुधवार रात्रि लायंस सेवा केन्द्र पर डॉक्टर्स एवं सीए डे सेवा सम्मान और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में समाज सेवा और अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले चिकित्सकों एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट्स का शॉल, उपरना और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ चिकित्सक एवं क्लब के संस्थापक सदस्य डॉ. जे.एम. जैन थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष अरविन्द मुंदड़ा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में निवर्तमान अध्यक्ष नानालाल भूतड़ा, कोषाध्यक्ष अरविन्द खंडेलवाल, सचिव किशनलाल जोशी एवं लियो क्लब अध्यक्ष पुनीत चिमनानी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं लायनवाद के प्रणेता मेल्विन जोन्स के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
इस अवसर पर डॉ. शीलू शर्मा, डॉ. सुनीता मीणा, डॉ. टीना रानी, डॉ. विपिन कुमार, डॉ. रोहित पाटीदार, डॉ. लोकेश कुमार, डॉ. मेघा शर्मा सहित कई चिकित्सकों तथा सीए वैभव राठी, सीए लव लड्ढा, सीए नीतेश कुमावत, सीए संयम पोरवाल, सीए लिजा कृपलानी, सीए कृष्णकांत शर्मा, सीए महेश मानसिंगा एवं सीए निखिल पूर्बिया का सम्मान किया गया। क्लब से जुड़े सेवाभावी चिकित्सक डॉ. जे.एम. जैन और डॉ. मंसूर अहमद खान का भी विशेष सम्मान किया गया।
सम्मान समारोह में डॉ. शीलू शर्मा और डॉ. मेघा शर्मा ने एलोपैथी एवं आयुर्वेद चिकित्सा की उपयोगिता पर विचार रखे, जबकि सीए कृष्णकांत शर्मा ने वित्तीय प्रबंधन के महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। मुख्य अतिथि डॉ. जे.एम. जैन ने डॉक्टर डे की प्रासंगिकता और लायंस क्लब की सेवा परंपरा पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन अनिल सोमानी ने किया। स्वागत उद्बोधन क्लब अध्यक्ष अरविन्द मुंदड़ा ने दिया तथा आभार प्रदर्शन सचिव किशनलाल जोशी ने किया। समारोह में लायंस एवं लियो क्लब के पदाधिकारी, सदस्य और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।