पोरसा। नागाजी ताल पर 18 जून को हुई मारपीट का मामला अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं। पीड़ित पक्ष का दावा है कि फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि तीन युवक एक युवक को डंडों से बेरहमी से पीट रहे हैं। लगातार हमले के बाद घायल युवक जमीन पर गिर पड़ता है, जबकि वीडियो में उसके द्वारा किसी पर हमला करते हुए दिखाई नहीं देने का दावा किया जा रहा है।
घायल राशिद कुरैशी के अनुसार, घटना के दौरान सरफराज उर्फ भप्पे, जीशान उर्फ मोन्टी और हासिम कुरैशी ने पुरानी रंजिश के चलते उस पर डंडों से हमला किया। गंभीर चोटें आने के बाद उसे पहले पोरसा अस्पताल और फिर जिला चिकित्सालय मुरैना रेफर किया गया, जहां उसका उपचार चला।
हैरानी की बात यह है कि घटना के कुछ दिन बाद पुलिस ने सरफराज खान की मेडिकल सूचना और जांच के आधार पर राशिद कुरैशी, आर्यन कुरैशी और फैजान कुरैशी के खिलाफ भी मारपीट एवं धमकी का मामला दर्ज कर लिया। इस कार्रवाई के बाद पीड़ित पक्ष ने सवाल उठाया है कि जब CCTV फुटेज में राशिद खुद मार खाता और जमीन पर गिरता दिखाई दे रहा है, तब उसके खिलाफ मारपीट का मामला किस आधार पर दर्ज किया गया।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि यदि जांच निष्पक्ष तरीके से CCTV फुटेज, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की जाए तो पूरी घटना की सच्चाई सामने आ सकती है। वहीं पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के प्रकरण दर्ज हैं और सभी उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विवेचना की जा रही है। अब पूरे मामले में पुलिस जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।