मनासा। मनासा-मंदसौर मुख्य मार्ग पर गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई। दुर्घटना झार्डा चौकी क्षेत्र के राईखेड़ा गांव के समीप हुई, जहां तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी।
नारायणगढ़ थाना पुलिस के अनुसार नलखेड़ा निवासी वासुदेव पिता बापूलाल मोड़ (65) अपने पुत्र बबलु पिता वासुदेव मोड़ के साथ मंदसौर से अपने पैतृक गांव नलखेड़ा खेत देखने के लिए स्कूटी से लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही स्विफ्ट कार (क्रमांक एमपी-44-ज़ेडबी-8330) ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में वासुदेव मोड़ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल बबलु को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय मंदसौर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गई।
झार्डा चौकी प्रभारी कंवरलाल माली ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम शासकीय चिकित्सालय मंदसौर में कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त स्विफ्ट कार के चालक एवं मालिक की जानकारी जुटाई जा रही है।