देवास। कोतवाली पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही रात में चार अलग-अलग ऑपरेशन में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने प्रेस वार्ता में इस पूरे मामले का खुलासा किया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह वर्धमान एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी श्यामचंद्र शर्मा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई।
पुलिस ने अंकित रायकवार, साहिल वर्मा, इरफान शेख, अक्षय शिंदे और शुभम पांचाल को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 14 देशी पिस्टल, 5 जिंदा कारतूस एवं हथियार परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे 2 दोपहिया वाहन जब्त किए गए हैं। जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार आरोपी गंभीर वारदातों को अंजाम देने की तैयारी में थे। विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को मुखबिर से अवैध हथियार तस्करी की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर पुलिस टीमों ने शहर के अलग-अलग स्थानों पर योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मध्यप्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से अवैध पिस्टल खरीदकर अन्य अपराधियों तक सप्लाई करते थे। हथियारों के सौदे सुनसान स्थानों पर किए जाते थे और वाहनों के माध्यम से उनका परिवहन किया जाता था।
पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है।
देवास पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध हथियारों से जुड़ी कोई भी जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या डायल-112 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।