नीमच। शहर स्थित गांधी भवन कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने केंद्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए किसानों, युवाओं, छात्रों और आमजन से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में आस्था, किसानों, युवाओं और गरीबों के साथ लगातार अन्याय हो रहा है तथा कई मामलों में सरकार जवाबदेही से बच रही है।
बाहेती ने कहा कि राम मंदिर से जुड़े कथित चोरी प्रकरण, नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, किसानों के लिए खाद-बीज की कमी, सामाजिक सुरक्षा पेंशन में देरी तथा भूमि खरीद से जुड़े कथित मामलों ने सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भूमि खरीद संबंधी आरोपों पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग करते हुए कहा कि यदि आरोप निराधार हैं तो सरकार तथ्य सार्वजनिक करे।
उन्होंने आरोप लगाया कि खरीफ सीजन के बीच किसान खाद और बीज के लिए परेशान हैं, जबकि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। साथ ही नीमच जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लंबित भुगतान और प्रस्तावित ग्रीन फील्ड कॉरिडोर में जिले की उपेक्षा का मुद्दा भी उठाया।
कांग्रेस ने घोषणा की कि इन मुद्दों को लेकर प्रदेशभर में प्रेस वार्ताएं, छात्र आंदोलन, जनजागरण अभियान, मुख्यमंत्री के दौरों पर विरोध प्रदर्शन, मुख्यमंत्री निवास का घेराव तथा जिला स्तर पर चरणबद्ध आंदोलन आयोजित किए जाएंगे। पार्टी का कहना है कि यह अभियान किसानों, युवाओं, छात्रों, महिलाओं, बुजुर्गों और आमजन के अधिकारों की लड़ाई है।
प्रेस वार्ता में अनिल चौरसिया, मन्नू बना, मधु बंसल, बृजेश सक्सेना, आशा सांभर, मनोहर अंब, भगत वर्मा सहित कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।