नीमच। आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष इंजी. नवीन कुमार अग्रवाल ने भाजपा सरकार पर निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भाटखेड़ा से डूंगलावदा फंटे तक निर्माणाधीन फोरलेन सड़क और नीमच सिटी पुलिया कथित रूप से घटिया निर्माण का उदाहरण हैं।
अग्रवाल ने आरोप लगाया कि फोरलेन निर्माण में मानकों की अनदेखी कर निम्न गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। इस संबंध में पूर्व में भी शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि हाल ही में निर्मित नीमच सिटी पुलिया पर भी कई स्थानों पर सीमेंट-कंक्रीट उखड़ने और दरारें दिखाई दे रही हैं। आरोप है कि इन दरारों को डामर डालकर छिपाने का प्रयास किया गया है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
इंजी. अग्रवाल ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी अधिकारियों और संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उच्च अधिकारियों को भी शिकायत भेजी गई है।