मंदसौर। जिले में बारिश के दौरान मुक्तिधामों की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर अंतिम संस्कार में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस मुद्दे को लेकर जिला कांग्रेस ने सवाल उठाते हुए प्रशासन से तत्काल सुधार की मांग की है।
जिला कांग्रेस महासचिव अनिल शर्मा ने इस संबंध में जिला कलेक्टर अदिति गर्ग को एक पत्र सौंपकर जिले के सभी मुक्तिधामों की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की है। उन्होंने कहा कि पिपलिया क्षेत्र सहित जिले के कई गांवों और कस्बों में बारिश के समय अंतिम संस्कार करना बेहद कठिन हो जाता है।
उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर शेड का अभाव है या जो शेड बने हैं वे जर्जर अवस्था में हैं। मुक्तिधामों तक पहुंचने के रास्ते भी खराब स्थिति में हैं, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
अनिल शर्मा ने उदाहरण देते हुए बताया कि तहसील की ग्राम पंचायत चंगेरी के बंजारा बस्ती स्थित भगवानपुरा मुक्तिधाम में न तो शेड की व्यवस्था है और न ही पहुंच मार्ग ठीक है। ऐसी स्थिति में अंतिम संस्कार के दौरान लोगों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि पिपलिया मंडी स्थित वाल्मीकि समाज मुक्तिधाम में बारिश के दौरान बैठने की व्यवस्था नहीं है, वहीं सरसौद मुक्तिधाम में रास्ते पर कीचड़ भर जाता है और शेड की चादरें जर्जर हो चुकी हैं। भानपुरा क्षेत्र के संधारा मुक्तिधाम की स्थिति भी काफी खराब बताई गई है।
जिला कांग्रेस महासचिव ने मांग की कि जिले के सभी मुक्तिधामों को चिन्हित कर वहां शेड निर्माण, जर्जर ढांचों की मरम्मत, लकड़ी भंडारण की व्यवस्था तथा पक्के पहुंच मार्गों का निर्माण कराया जाए।
उन्होंने यह भी बताया कि कुछ वर्ष पूर्व आदिवासी गांव वरदल में 14 वर्षीय बालिका के निधन पर अंतिम संस्कार के लिए टेंट का सामान तक मंगवाना पड़ा था। उन्होंने प्रशासन से ऐसी परिस्थितियों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि मंगलवार को कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर से मिलकर इस संबंध में ज्ञापन सौंपेगा और शीघ्र कार्रवाई की मांग करेगा।