नीमच। जिले के चीताखेड़ा बस स्टैंड पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। परमार चिकित्सालय के समीप तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिलों को टक्कर मारते हुए बस स्टैंड पर खड़े लोगों की भीड़ में जा घुसी। हादसे में 14 लोग घायल हो गए, जिनमें कई को गंभीर चोटें और फ्रैक्चर आए हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 11 बजे बस स्टैंड पर बड़ी संख्या में लोग बस का इंतजार कर रहे थे और अपने कार्य से वहां मौजूद थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और पहले कई मोटरसाइकिलों को टक्कर मारते हुए लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को एंबुलेंस एवं निजी वाहनों की मदद से जिला चिकित्सालय नीमच पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घायलों में राजू पिता भीमसिंह, बादल पिता रामलाल (लक्ष्मीपुरा), अली हुसैन पिता रफीक (हथुनिया, राजस्थान), बगदीराम पिता मांगीलाल (सुबी अचारी), सत्यनारायण पिता कन्हैयालाल, सत्यनारायण पिता किशोरीलाल, महेंद्र पिता छगनलाल, इमरान पिता रहीमुद्दीन, भूपेंद्र पिता विष्णुलाल, दीपक पिता राजमल, गोपाल पिता दौलतराम, कन्हैयालाल पिता चौथमल, साबिर पिता रजाकुद्दीन तथा रौनक पिता मनसुख (चीताखेड़ा) शामिल हैं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।