नीमच। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नीमच दौरे के दौरान सोमवार को राजनीतिक माहौल उस समय गरमा गया, जब कांग्रेस नेताओं को मुख्यमंत्री से मुलाकात का समय नहीं मिलने की जानकारी सामने आई। इसके बाद कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ गई और बड़ी संख्या में पदाधिकारी गांधी भवन स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पहुंचने लगे।
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री से मुलाकात नहीं मिलने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन की रणनीति बनाई है। पार्टी कार्यकर्ता मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने की तैयारी में जुट गए हैं। वहीं, कुछ कार्यकर्ताओं के बीच मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने को लेकर भी चर्चा रही, हालांकि इस संबंध में कांग्रेस संगठन की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
गांधी भवन में लगातार बढ़ रही कार्यकर्ताओं की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। कांग्रेस के संभावित विरोध प्रदर्शन को लेकर गांधी भवन और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मौके पर सीएसपी, दो थाना प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
प्रशासन एवं खुफिया विभाग की टीमें पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो। फिलहाल गांधी भवन में कांग्रेस नेताओं की बैठक जारी है, जिसमें आगे की रणनीति पर मंथन किया जा रहा है।