भोपाल। उज्जैन भूमि प्रकरण को लेकर प्रदेश की सियासत तेज हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के परिवार द्वारा कथित भूमि खरीद को लेकर कांग्रेस लगातार सरकार पर हमलावर है। इसी बीच प्रदेश कांग्रेस ने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से दूरी बनाने का फैसला लिया है।
प्रदेश कांग्रेस ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि उसके अधिकृत नेता, प्रवक्ता और प्रतिनिधि अगले आदेश तक किसी भी टीवी डिबेट में हिस्सा नहीं लेंगे और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को आधिकारिक बयान भी नहीं देंगे। कांग्रेस का आरोप है कि उसके मुद्दों को उचित स्थान नहीं दिया जा रहा है।
कांग्रेस के इस निर्णय पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता यशपाल सिंह सिसोदिया ने कहा कि कांग्रेस ष्खिसियानी बिल्ली खंभा नोचेष् जैसी स्थिति में पहुंच गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सवाल खड़े कर रही है और मीडिया की स्वतंत्रता पर दबाव बनाने का प्रयास कर रही है।
सिसोदिया ने कहा कि मीडिया किस खबर को कितना महत्व देगा, यह उसका स्वतंत्र निर्णय है। कांग्रेस को मीडिया पर आरोप लगाने के बजाय अपने नेतृत्व और नीतियों पर आत्ममंथन करना चाहिए।