नीमच। भारतीय जनता पार्टी द्वारा रविवार, 28 जून को जिले के प्रत्येक बूथ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात का सामूहिक श्रवण आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में बूथ टोली एवं पार्टी कार्यकर्ता शामिल होकर प्रधानमंत्री के विचारों को सुनेंगे।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी एवं सह मीडिया प्रभारी शुभम शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के पूर्व भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं शिक्षाविद् डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। साथ ही उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर व्याख्यान भी आयोजित होगा।
इस अवसर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से संगठनात्मक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यप्रणाली, डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग तथा विभिन्न संगठनात्मक अभियानों की जानकारी प्रदान की जाएगी। प्रशिक्षण पूर्ण होने पर प्रतिभागियों को डिजिटल प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम में सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, जिला पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता अपने-अपने निर्धारित बूथों पर उपस्थित रहकर श्मन की बातश् कार्यक्रम का श्रवण करेंगे और संगठनात्मक गतिविधियों में सहभागिता निभाएंगे।
भाजपा संगठन ने जिले के सभी बूथों पर कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।