नीमच। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में जिला कांग्रेस ने भाजपा और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। गांधी भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने इसे लोकतंत्र, संविधान और निष्पक्ष चुनाव प्रणाली पर आघात बताया।
बाहेती ने कहा कि जिन आधारों पर मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किया गया, उससे चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गंभीर प्रश्न खड़े हुए हैं। उनका दावा था कि संबंधित मामले में नटराजन अभियुक्त नहीं, बल्कि प्रतिवादी हैं, इसके बावजूद उनकी कानूनी स्थिति को गलत तरीके से प्रस्तुत कर नामांकन रद्द किया गया।
उन्होंने कहा कि यदि विपक्षी उम्मीदवारों को तकनीकी और विवादित आधारों पर चुनावी मैदान से बाहर किया जाता रहा, तो लोकतांत्रिक व्यवस्था और चुनावी संस्थाओं की विश्वसनीयता प्रभावित होगी।
पत्रकार वार्ता में बृजेश मित्तल, मनमोहन सिंह ‘मन्नू’ बना, बृजेश सक्सेना, आशा सांभर सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान तरुण बाहेती ने भाजपा नेताओं को सार्वजनिक मंचों पर मर्यादित भाषा के उपयोग की भी सलाह दी।