नीमच। केंद्र, प्रदेश और नगर पालिका में भाजपा की सरकार होने के बावजूद नीमच शहर विकास के मोर्चे पर पिछड़ता जा रहा है। कांग्रेस कमेटी के जिला संगठन महासचिव ब्रजेश मित्तल ने नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा एवं भाजपा की नगर सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि चार वर्षों के कार्यकाल में शहर को मॉडल सिटी बनाने के दावे केवल प्रचार और होर्डिंग्स तक सीमित रह गए हैं।
मित्तल ने आरोप लगाया कि जनता आज भी जर्जर सड़कों, अव्यवस्थित सफाई व्यवस्था, अधूरे विकास कार्यों और पेयजल संकट जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नगर सरकार का कार्यकाल चार वर्ष पूरा होने की ओर है, लेकिन ऐसा कोई बड़ा और स्थायी विकास कार्य दिखाई नहीं देता जिसे उपलब्धि के रूप में गिनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष ने कार्यभार संभालते समय नीमच को इंदौर की तर्ज पर मॉडल शहर बनाने, आधुनिक सब्जी मंडी विकसित करने, नए उद्यान बनाने, स्वच्छता में अव्वल स्थान प्राप्त करने तथा गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण जैसे कई वादे किए थे। आज जनता जानना चाहती है कि इनमें से कितने वादे धरातल पर उतर पाए हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि शहर के कई वार्डों में आज भी नियमित और पर्याप्त पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। वहीं सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है। जगह-जगह कचरे के ढेर नगर सरकार के दावों की पोल खोल रहे हैं।
मित्तल ने कहा कि शहर की सबसे गंभीर समस्या सड़कों की खराब स्थिति है। कई प्रमुख मार्ग जर्जर अवस्था में हैं, जबकि अनेक स्थानों पर सड़क निर्माण और चौड़ीकरण के कार्य अधूरे पड़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनिंदा स्थानों पर सड़कें बनाकर उनका प्रचार तो किया गया, लेकिन अधिकांश क्षेत्रों में नागरिक आज भी टूटी और क्षतिग्रस्त सड़कों से गुजरने को मजबूर हैं।
उन्होंने बताया कि हुडको कॉलोनी की मुख्य सड़क का निर्माण कार्य पिछले छह माह से अधूरा पड़ा है, जिससे स्थानीय रहवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं रेलवे स्टेशन रोड पर चौड़ीकरण के नाम पर सड़क किनारों की खुदाई कर दी गई है, लेकिन निर्माण कार्य की गति बेहद धीमी है।
ब्रजेश मित्तल ने कहा कि कमल चौक से ग्वालटोली मार्ग तक भी चौड़ीकरण के नाम पर सड़क के दोनों ओर खुदाई कर छोड़ दी गई है। इससे व्यापारियों, वाहन चालकों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को प्रतिदिन परेशानी उठानी पड़ रही है। धूल, गड्ढों और अव्यवस्थित यातायात के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पालिका के जनप्रतिनिधि निर्माण एजेंसियों और ठेकेदारों से समय पर एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने में विफल रहे हैं। कई स्थानों पर विकास कार्य अधूरे पड़े हैं और जिम्मेदार अधिकारी इस स्थिति पर मौन हैं।
मित्तल ने चेतावनी देते हुए कहा कि मानसून शुरू होने में अब अधिक समय नहीं बचा है। यदि अधूरी सड़कों और नालियों के निर्माण कार्य समय रहते पूरे नहीं किए गए तो बारिश के दौरान जलभराव, कीचड़ और यातायात अव्यवस्था जैसी समस्याएं गंभीर रूप ले सकती हैं।
उन्होंने नगर की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि स्वच्छता में अव्वल आने के दावे करने वाली नगर सरकार नियमित कचरा संग्रहण और नालियों की सफाई सुनिश्चित करने में भी सफल नहीं रही है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा की नगर सरकार को आत्मप्रचार छोड़कर शहरवासियों की मूलभूत समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। शहर का विकास विज्ञापनों और सोशल मीडिया पोस्ट से नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाले कार्यों से आंका जाता है।
उन्होंने कहा कि यदि नगर पालिका की कार्यप्रणाली में शीघ्र सुधार नहीं हुआ और नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं तो कांग्रेस पार्टी व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी। कांग्रेस जनता की आवाज बनकर उनके अधिकारों और सुविधाओं के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।