मनासा। राज्यसभा निर्वाचन में कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनासा, रामपुरा एवं कुकड़ेश्वर के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग का पुतला दहन कर लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाया।
प्रदर्शन के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई, डीजल एवं खाद की कथित किल्लत के विरोध में कारगिल चौक से एडीएम कार्यालय तक मौन जुलूस निकाला। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने एडीएम कार्यालय पहुंचकर सांकेतिक रूप से कोरा ज्ञापन सौंपने का प्रयास किया।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्याम सोनी ने कहा कि विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर पूर्व में कई बार प्रशासन को ज्ञापन दिए गए, लेकिन उन पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसी के विरोध में इस बार कोरा ज्ञापन सौंपकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया गया।
कांग्रेस नेताओं ने राज्यसभा चुनाव में नामांकन निरस्त किए जाने के मामले को लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।