नीमच। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने शुक्रवार को गांधी भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकार पर प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नीट (नीट), व्यापमं, पटवारी भर्ती एवं नर्सिंग भर्ती जैसे मामलों ने लाखों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। कांग्रेस इस मुद्दे पर युवाओं के हितों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ेगी।
प्रेस वार्ता में तरुण बाहेती ने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा में सामने आई कथित अनियमितताओं से देशभर के लाखों विद्यार्थियों का भविष्य दांव पर लग गया है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अभिभावक अपनी जमा-पूंजी तक खर्च कर देते हैं, लेकिन पेपर लीक एवं अन्य अनियमितताओं के कारण युवाओं की वर्षों की मेहनत पर पानी फिर जाता है।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश पहले ही व्यापमं, पटवारी भर्ती और नर्सिंग कॉलेज से जुड़े विवादों को लेकर चर्चा में रहा है। ऐसे में भर्ती एवं प्रवेश परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में प्रदेशभर में श्छात्रों की गूंजश् अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत विद्यार्थियों एवं युवाओं को जागरूक कर शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता की मांग को लेकर जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए नीट प्रकरण की सर्वाेच्च न्यायालय की निगरानी में जांच, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के पुनर्गठन, पेपर लीक के खिलाफ सख्त गैर-जमानती कानून बनाने तथा भर्ती घोटालों के दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग भी उठाई।