मंदसौर। जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को विभिन्न जनहित मुद्दों को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं किसान गांधी चौराहे पर एकत्रित हुए, जहां से रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति एवं राज्यपाल के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने, खाद संकट, मंडी टैक्स में वृद्धि, स्मार्ट मीटर योजना, बिजली दरों में बढ़ोतरी, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, महंगाई तथा नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
राष्ट्रपति के नाम सौंपे गए ज्ञापन में कांग्रेस ने आरोप लगाया कि राज्यसभा चुनाव में मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों एवं चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता के विपरीत है। कांग्रेस ने इस मामले की निष्पक्ष जांच कर चुनावी प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने की मांग की।
राज्यपाल के नाम दिए गए ज्ञापन में किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आमजन से जुड़े मुद्दों को शामिल किया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश के किसान खाद संकट से जूझ रहे हैं। ई-टोकन व्यवस्था में तकनीकी खामियों एवं सर्वर संबंधी समस्याओं के कारण किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जिससे कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
कांग्रेस ने मंडी शुल्क को 1 प्रतिशत से बढ़ाकर 1.5 प्रतिशत किए जाने का विरोध करते हुए इसे किसानों और व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताया। साथ ही मंदसौर कृषि उपज मंडी में पेयजल, शौचालय एवं विश्राम गृह जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी उठाया गया।
ज्ञापन में स्मार्ट मीटर योजना की समीक्षा कर मनमाने बिजली बिलों पर रोक लगाने, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण करने तथा महंगाई कम करने की मांग की गई। इसके अलावा नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई एवं विद्यार्थियों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी की गई।
इस अवसर पर विधायक विपिन जैन ने कहा कि बोवनी का समय शुरू हो चुका है, लेकिन किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है। वहीं डीजल-पेट्रोल की कीमतों और बिजली दरों में लगातार वृद्धि से आमजन एवं किसान दोनों प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मीनाक्षी नटराजन का राज्यसभा नामांकन राजनीतिक दबाव में निरस्त किया गया है।
एसडीएम शिवलाल शाक्य ने बताया कि कांग्रेस द्वारा सौंपा गया ज्ञापन प्राप्त कर लिया गया है, जिसे आवश्यक कार्रवाई हेतु संबंधित उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा।