चित्तौड़गढ़। ग्राम पालड़ी के अग्निवीर भानु प्रताप सिंह का शुक्रवार को पेच एरिया स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित समारोह में सम्मान किया गया। देश सेवा में उनके योगदान की सराहना करते हुए राजस्थान के पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने उन्हें मेवाड़ी पगड़ी पहनाकर, उपरणा ओढ़ाकर एवं मिठाई खिलाकर अभिनंदन किया।
इस अवसर पर उदयलाल आंजना ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले जवान राष्ट्र की असली शक्ति हैं। अग्निवीर भानु प्रताप सिंह ने सेना में सेवा देकर अपने परिवार, गांव और जिले का नाम गौरवान्वित किया है तथा वे युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रसेवा की भावना के साथ सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करने का आह्वान भी किया।
समारोह में निंबाहेड़ा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष भोपराज टांक, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अभय मेहता, संगठन महासचिव रविप्रकाश सोनी, पूर्व पंचायत समिति सदस्य गणपत पुरी सहित पालड़ी गांव के अनेक गणमान्य नागरिक एवं कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने अग्निवीर भानु प्रताप सिंह को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।