नीमच। ग्रुप केंद्र, सीआरपीएफ नीमच के महाराणा प्रताप भवन में मंगलवार को उप महानिरीक्षक सुरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में वेटरन्स-डे एवं कल्याण एवं पुनर्वास (वार्ब) बैठक आयोजित की गई। बैठक में मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों में निवासरत सीएपीएफ पेंशनधारियों, शहीद एवं दिवंगत कार्मिकों के आश्रितों को आमंत्रित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य सेवानिवृत्त कार्मिकों एवं उनके आश्रितों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, नीतियों एवं सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना था।
बैठक के दौरान भूतपूर्व कार्मिकों ने अपने सेवाकाल के महत्वपूर्ण अनुभव साझा किए। उपस्थित पेंशनधारियों एवं आश्रितों ने विभिन्न समस्याएं उप महानिरीक्षक सुरेंद्र कुमार के समक्ष रखीं। उन्होंने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना। पेंशन संबंधी प्रकरणों को छोड़कर अन्य समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में भूतपूर्व कार्मिकों के लिए संचालित नवीनतम कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर सुरेंद्र कुमार ने कहा कि सेवानिवृत्त कार्मिक सीआरपीएफ परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं और उनकी हरसंभव सहायता के लिए विभाग सदैव तत्पर है। उन्होंने सभी के स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन की कामना करते हुए किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने का आग्रह किया।
उल्लेखनीय है कि पिछली बैठक में प्राप्त सभी प्रकरणों का सफलतापूर्वक निराकरण किया जा चुका है। कार्यक्रम के अंत में सुरेंद्र कुमार ने उपस्थित पेंशनधारियों एवं उनके आश्रितों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रमोद कुमार साहू, कमांडेंट सहित अन्य अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।