शाजापुर। उज्जैन के सतीगेट क्षेत्र में स्थित खड़े हनुमान जी की प्रतिमा हटाने की प्रक्रिया के विरोध में बुधवार को शाजापुर से बजरंग दल के 300 से ज्यादा कार्यकर्ता उज्जैन के लिए रवाना हुए। कार्यकर्ता बस, ट्रेन और निजी वाहनों के जरिए उज्जैन पहुंचेंगे और विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल की ओर से आयोजित महाज्ञापन में शामिल होंगे।
बजरंग दल पदाधिकारी राजेश जादम के अनुसार, सतीगेट क्षेत्र में स्थित खड़े हनुमान जी की प्रतिमा श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। उनका दावा है कि प्रशासन द्वारा मंदिर को तोड़ने की कार्रवाई की गई है और अब प्रतिमा को हटाने की प्रक्रिया चल रही है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह प्राचीन मंदिर है और प्रतिमा को यहां से नहीं हटाया जाना चाहिए।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि महाज्ञापन के माध्यम से वे अपनी मांग प्रशासन के सामने रखेंगे और प्रतिमा को यथास्थान रखने की मांग करेंगे। जादम ने प्रशासन की कार्रवाई को लेकर अन्य अतिक्रमणों के संबंध में भी सवाल उठाए और कहा कि इस मुद्दे को महाज्ञापन के दौरान प्रशासन के सामने रखा जाएगा।
प्रतिमा हटाने की जानकारी के बाद हिंदू संगठनों और कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। इसी के विरोध में उज्जैन में महाज्ञापन आयोजित किया जा रहा है। शाजापुर से रवाना हुए कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे शांतिपूर्ण तरीके से कार्यक्रम में शामिल होकर अपनी मांग प्रशासन तक पहुंचाएंगे।