चित्तौड़गढ़। निदेशक, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग राजस्थान जयपुर के निर्देशानुसार 17 जून से 26 जून तक आयोजित नशा मुक्त भारत अभियान के तहत सुख सेवा संस्थान नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र में कार्यक्रम का समापन किया गया।
समापन अवसर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गायत्री सेवा संस्थान हरिद्वार के पदाधिकारियों द्वारा एक कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें नशा छोड़ने के उपायों और नशामुक्त जीवन के लाभों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मीडिया प्रभारी अमित कुमार चेचानी ने बताया कि इस अवसर पर उपनिदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग जितेन्द्र कुमार गढ़वाल ने भी अभियान के तहत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने संस्थान में उपचाररत मरीजों से संवाद कर उन्हें नशा छोड़ने और समाज की मुख्य धारा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
संस्थान अध्यक्ष गफ्फार पठान ने बताया कि सुख सेवा संस्थान नशा मुक्ति अभियान में सक्रिय भूमिका निभा रहा है और आगे भी यह प्रयास जारी रहेंगे। संस्थान सचिव प्रभात शर्मा ने भी संस्थान की गतिविधियों की जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवन शैली अपनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में उपनिदेशक द्वारा उपस्थित सभी को नशा न करने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र तोमर ने किया। इस अवसर पर विनय पालीवाल, सविता चौधरी, शोएब भाई, गोविंद भाई, विजेंद्र भाई, अजय भाई सहित अन्य का सहयोग रहा।