नीमच। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नीमच दौरे के दौरान सोमवार को जिले का राजनीतिक माहौल गरमा गया। मुख्यमंत्री से मुलाकात का समय नहीं मिलने की जानकारी सामने आने के बाद कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ गई और बड़ी संख्या में पदाधिकारी गांधी भवन स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पर एकत्रित हो गए।
सूत्रों के अनुसार कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाकर विरोध दर्ज कराने की रणनीति बनाई थी। इसके चलते हेलीपेड के लिए रवाना होने से पहले ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। इसके बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन पहले से ही अलर्ट मोड पर था। गांधी भवन सहित शहर के प्रमुख मार्गों और हेलीपेड जाने वाले रास्तों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। मौके पर सीएसपी, दो थाना प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
प्रशासन एवं खुफिया विभाग की टीमें पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए रहीं, ताकि कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो। पुलिस कार्रवाई के बाद भी कांग्रेस नेताओं के बीच विरोध की रणनीति को लेकर चर्चा जारी रही। हालांकि, इस संबंध में कांग्रेस संगठन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।