माउंट आबू। भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के गठन के 5 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पूरे देश में सहकारिता सप्ताह बड़े उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में माउंट आबू स्थित राजकीय बालिका माध्यमिक विद्यालय में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं ने छात्रों का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम के दौरान क्विज प्रतियोगिता, भाषण, चित्रकला एवं अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कई प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विजेता का स्थान प्राप्त किया।
सहकारिता विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से किसानों, महिलाओं, पर्यावरण संरक्षण एवं रोजगार के क्षेत्र में सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में सहकारिता क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों एवं प्रतिभागियों का सम्मान भी किया गया।
दी सिरोही सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, शाखा माउंट आबू की ओर से यह आयोजन विद्यालयों में लगातार किया जा रहा है, जिससे छात्रों में सहकारिता के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा रही है।
गौरतलब है कि केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में पिछले 5 वर्षों में सहकारिता क्षेत्र ने किसानों, महिलाओं और ग्रामीण रोजगार के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल की हैं। देशभर में सहकारिता सप्ताह के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन जारी है।