चित्तौड़गढ़। जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘सुदर्शन चक्र-2’ के तहत सदर चित्तौड़गढ़ थाना पुलिस ने वर्ष 2025 में सूने मकान में हुई नकबजनी के मामले में एक वर्ष से फरार चल रहे वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि 20 जुलाई 2025 को मधुवन निवासी पदम कुमार ने सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि परिवार में शोक कार्यक्रम के चलते सभी लोग गांव गए हुए थे। इसी दौरान 19 जुलाई 2025 की रात अज्ञात बदमाशों ने सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।
मामला दर्ज होने के बाद फरार आरोपियों की तलाश शुरू की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा के निर्देशन में जिला विशेष टीम एवं साइबर सेल ने तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र के आधार पर कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी अजय पिता प्रकाश बाछड़ा (26), निवासी चड़ोली, थाना नीमच, जिला नीमच (मध्यप्रदेश) को डिटेन किया।
इसके बाद सदर थाना प्रभारी प्रेम सिंह एवं अनुसंधान अधिकारी एसआई अमर सिंह ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी और नकबजनी के प्रकरण दर्ज हैं। मामले में विस्तृत अनुसंधान जारी है।