कुकड़ेश्वर। नगर में नवनिर्वाचित विधायक अनिरुद्ध माधव मारू का प्रथम आगमन शनिवार को दोपहर 02 बजे हुआ। विधायक मारु सर्वप्रथम सहस्त्रमुक्तेश्वर महादेव के दर्शन करने के पश्चात बस स्टैंड पर पहुंचे। जहां भव्य आतिशबाजी के साथ भाजपा के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके पश्चात सभी कार्यकर्ताओं के साथ विधायक अनिरुद्ध माधव मारू पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा की मूर्ति पर माल्यार्पण किया।
इस दौरान कहा कि विकास की गति निरंतर जारी रहेगी एवं किसी प्रकार की मनासा तहसील में कोई समस्या नहीं आएगी। इसके पश्चात नगर परिषद कार्यालय में नगर परिषद द्वारा भी भव्य स्वागत किया गया। जहां पर एक बैठक आयोजित की गई। अध्यक्ष उर्मिला महेंद्र पटवा, उपाध्यक्ष सोनाली उज्जवल पटवा और सभी पार्षदों की उपस्थिति में विधायक माधव मारु का स्वागत किया गया। नगर पंचायत की समस्याओं पर विचार विमर्श किया गया।
इसी बीच माधव मारू ने कुकड़ेश्वर थाने के टीआई अशोक कुमार निनामा को कहा कि मेरे नाम से अगर कोई सट्टा चलता है और मेरे नाम का उपयोग करता है तो उसको तुरंत पकड़ कर बंद करो और मुझे फोन लगाओ। मुझे सूचना दो ओर सभी पर कार्रवाई करो। यह अवैध कारोबार बंद होना चाहिए। इसके पश्चात पत्रकार वार्ता की गई। जिसमें मारु ने बताया कि यह जीत मेरी नहीं है यह जीत बीजेपी के कार्यकर्ताओं की हैं। मैं हर समय उनके साथ रहूंगा।