देवास। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार लोकसभा निर्वाचन 2024 के दृष्टिगत जिले में ईवीएम, व्हीव्हीपीएटी की एफएलसी की जा रही है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने आनंद नगर उज्जैन रोड देवास ईवीएम वेयर हाउस (गोडाउन) पहुँच कर एफएलसी (फर्स्ट लेवल चेकिंग) प्रक्रिया का अवलोकन किया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ऋषव गुप्ता ने 29 जनवरी से चल रहे ईवीएम की एफएलसी कार्य के बारे में विस्तार से अवगत कराया।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजन ने इस दौरान मॉकपोल कर ईवीएम संचालन की प्रक्रिया देखी। उन्होंने बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट सहित अन्य कक्षों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखी। राजन ने ईवीएम वेयर हाउस की सुरक्षा के साथ ही सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था भी देखी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश भोपाल अनुपम राजन ने ईवीएम वेयरहाउस में मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच का निरीक्षण किया जाकर उक्त प्रकिया से संतुष्टि जताई। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश भोपाल राजन ने संबंधित अधिकारियों को एफएलसी के लिए निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने एफएलसी कार्य के निरीक्षण के दौरान उपस्थित राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों से चर्चा की और उन्हें एफएलसी कार्य के दौरान नियमित उपस्थिति के लिए कहा। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को एफएलसी के दौरान समय समय पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सूचित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान उपजिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका मिमरोट, राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों में भारतीय जनता पार्टी के मनोहर जाधव, बहुजन समाज पार्टी के संजय सांगते, आम आदमी पार्टी के दीपक मालवीय उपस्थित थे।