देवास। जिला अस्पताल में शनिवार को भाजपा पार्षद दल के नेता सहित नगर निगम के पार्षदों ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिस पर पार्षदों ने कड़ी नाराजगी जताई।
पार्षदों ने आरोप लगाया कि प्रसूति वार्ड में डिलीवरी के नाम पर मरीजों के परिजनों से अवैध वसूली की जा रही है। शिकायतों की पुष्टि के लिए पार्षदों ने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत की, जिसमें कई लोगों ने पैसे लेने की बात कही। एक मामले में करीब 2,500 रुपए लेने का भी आरोप सामने आया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल की लिफ्ट बंद मिलने पर भी पार्षदों ने आपत्ति जताई। एक दिव्यांग व्यक्ति ने बताया कि लिफ्ट बंद होने से उसे मजबूरन सीढ़ियों का उपयोग करना पड़ रहा है।
रसोईघर में भी अव्यवस्थाएं पाई गईं। पार्षदों ने भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और पानी के उपयोग पर सवाल उठाए। साथ ही अस्पताल परिसर में फैली गंदगी पर भी नाराजगी व्यक्त की।
निरीक्षण के बाद पार्षदों ने सिविल सर्जन से मुलाकात कर सभी समस्याओं से अवगत कराया और शीघ्र सुधार की मांग की।
इस मामले में सिविल सर्जन ने बताया कि बारिश के कारण कुछ स्थानों पर पानी भरने की समस्या आई है, जिसे जल्द ठीक कराया जाएगा। वहीं डिलीवरी के नाम पर वसूली की शिकायत की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की बात कही गई है।