भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। लगातार हो रही बारिश से प्रदेश के कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है, जबकि नदियां और नाले उफान पर हैं। मौसम विभाग (आईएमडी) ने रविवार को प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इंदौर, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम संभाग में सबसे अधिक असर देखने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने रतलाम, धार, बड़वानी, शाजापुर, बैतूल, पांढुर्णा, मंडला, बालाघाट और डिंडौरी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान 4 से 8 इंच तक बारिश होने की संभावना है। लगातार वर्षा के कारण कई स्थानों पर पुल-पुलिया और संपर्क मार्ग जलमग्न हो गए हैं, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है।
इसके अलावा नीमच, मंदसौर, उज्जैन, इंदौर, खरगोन, देवास, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, सीहोर, नर्मदापुरम, रायसेन, छिंदवाड़ा, सिवनी, अनूपपुर, कटनी, पन्ना, झाबुआ, अलीराजपुर और आगर-मालवा सहित 20 से अधिक जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं ग्वालियर-चंबल, सागर, जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
बारिश के चलते प्रदेश के तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। धार 25.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा जिला रहा, जबकि इंदौर में 26.2, भोपाल में 30.8, उज्जैन में 31.8, जबलपुर में 33.8 और ग्वालियर में 37 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।