तराना। नगर के तोलाजी सिद्धक्षेत्र मंदिर में आयोजित पांच दिवसीय श्री गजलक्ष्मी एवं श्री यंत्र प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव श्रद्धा, आस्था और भक्तिभाव के माहौल में संपन्न हो गया। महोत्सव के अंतिम दिन वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्राण प्रतिष्ठा, हवन, पूर्णाहुति एवं महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया।
समापन दिवस पर सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ, जिसके बाद महेश्वरी धर्मशाला में श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी का वितरण किया गया। पूरे महोत्सव के दौरान वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजन-अर्चन, धार्मिक अनुष्ठान और विभिन्न आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
धार्मिक उल्लास और भक्तिमय वातावरण के बीच संपन्न हुए इस महोत्सव में श्रद्धालुओं ने परिवार, समाज और राष्ट्र की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। आयोजन को सफल बनाने में पंडित नवीन नागर, समस्त नागर परिवार तथा सभी श्रद्धालुओं का विशेष सहयोग रहा। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति से सराबोर नजर आया।