नीमच। रतनगढ़ पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए एक परीक्षार्थी की समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने में मदद कर उसका भविष्य संवार दिया। पुलिस की इस मानवीय पहल की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।
जानकारी के अनुसार, मुरैना निवासी रौनक कुशवाहा हॉस्पिटल असिस्टेंट भर्ती परीक्षा देने के लिए ग्राम नेवड़ स्थित एस.आर. कॉलेज जा रहे थे। कोटा से सिंगोली और फिर रतनगढ़ पहुंचने के दौरान उनकी नीमच जाने वाली बस छूट गई। परीक्षा का समय नजदीक होने से वे काफी परेशान और तनावग्रस्त हो गए।
इसी दौरान उन्होंने रतनगढ़ थाना क्षेत्र की डायल-112 (एफआरवी-08) से सहायता मांगी। सूचना मिलते ही एफआरवी पर तैनात आरक्षक मनीष पाटीदार ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी बी.एल. भाबर के माध्यम से नीमच कंट्रोल रूम से आवश्यक अनुमति प्राप्त की।
इसके बाद चालक देवेंद्र सोलंकी के साथ पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए रौनक कुशवाहा को सरकारी वाहन से सुरक्षित एवं समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचाया, जिससे वे निर्धारित समय पर परीक्षा में शामिल हो सके।
परीक्षा केंद्र पहुंचने के बाद रौनक कुशवाहा ने राहत की सांस लेते हुए रतनगढ़ पुलिस एवं नीमच जिला पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस की इस त्वरित और मानवीय कार्रवाई की लोगों ने सराहना करते हुए इसे खाकी का संवेदनशील चेहरा बताया।