मंदसौर। शहर की संयम डायमंड कॉलोनी में शनिवार को एक घर के कुएं से करीब 20 कोबरा सांप निकलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
यह घटना कॉलोनी निवासी भेरूलाल पटवारी के घर की है। कुएं में बड़ी संख्या में कोबरा दिखाई देने पर तत्काल सर्प रक्षक कमलदास बैरागी को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंचे सर्प रक्षक ने पूरी सावधानी के साथ रेस्क्यू अभियान चलाते हुए सभी कोबरा सांपों को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
रेस्क्यू के बाद सभी सांपों को वन्यजीव संरक्षण के नियमों के अनुसार सुरक्षित प्राकृतिक वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया। समय रहते कार्रवाई होने से जनहानि टल गई और क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली।
सर्प रक्षक कमलदास बैरागी ने लोगों से अपील की कि बारिश के मौसम में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में सांप दिखाई देने पर उसे पकड़ने या मारने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल प्रशिक्षित सर्प रक्षक या वन विभाग को सूचना दें।