नीमच। प्रदेशभर में मानसून रफ्तार पकड़ चुका है और मौसम विभाग ने नीमच सहित मालवा-निमाड़ के कई जिलों में रविवार को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालांकि, जिले में अब तक हुई बारिश पिछले वर्ष की तुलना में करीब 4.46 इंच कम दर्ज की गई है। ऐसे में किसानों और आमजन की निगाहें अब आगामी बारिश पर टिकी हैं।
अधीक्षक भू-अभिलेख कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 जुलाई 2026 की सुबह 8 बजे तक जिले में औसतन 7.93 इंच वर्षा दर्ज की गई है, जबकि गत वर्ष इसी अवधि में 12.39 इंच औसत वर्षा रिकॉर्ड हुई थी। जिले की तहसीलों में अब तक नीमच में 8.82 इंच, जावद में 7.95 इंच, सिंगोली में 8.93 इंच तथा मनासा में 6.02 इंच वर्षा दर्ज की गई है।
पिछले वर्ष इसी अवधि में नीमच में 11.56 इंच, जावद में 12.99 इंच, सिंगोली में 17.16 इंच तथा मनासा में 7.87 इंच वर्षा हुई थी। बीते 24 घंटों में जिले में औसतन 0.02 इंच वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान नीमच तहसील में 0.08 इंच बारिश हुई, जबकि जावद, मनासा और सिंगोली में वर्षा दर्ज नहीं की गई।
नीमच सहित कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में बारिश का सबसे अधिक असर रहने की संभावना है।
वहीं रतलाम, धार, बड़वानी, शाजापुर, बैतूल, पांढुर्णा, मंडला, बालाघाट और डिंडौरी में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, उज्जैन, इंदौर, देवास, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, सीहोर, नर्मदापुरम, रायसेन, छिंदवाड़ा, सिवनी, अनूपपुर, कटनी, पन्ना, झाबुआ और अलीराजपुर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में अगले 24 घंटे के दौरान 4 से 8 इंच तक वर्षा हो सकती है।