शाजापुर। कलेक्टर ऋजु बाफना के मार्गदर्शन में जिले के शासकीय माध्यमिक विद्यालय, भरड़ ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर गौरव हासिल किया है। शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, भारत सरकार द्वारा घोषित स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग (SHVR) 2025-26 में विद्यालय का चयन मध्यप्रदेश के सर्वश्रेष्ठ 10 विद्यालयों में हुआ है। खास बात यह है कि इस सूची में शाजापुर जिले का यह एकमात्र विद्यालय शामिल है।
स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग के तहत विद्यालयों का मूल्यांकन सुरक्षित पेयजल, बाल-अनुकूल शौचालय, हाथ धुलाई सुविधा, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, वर्षा जल संचयन, ऊर्जा संरक्षण, हरित परिसर, पर्यावरण संरक्षण तथा व्यवहार परिवर्तन आधारित गतिविधियों सहित विभिन्न मानकों पर किया जाता है। इस वर्ष प्रदेश के 78,149 विद्यालयों ने स्वमूल्यांकन प्रक्रिया में भाग लिया था, जिनमें से केवल 10 विद्यालय सभी मानकों पर खरे उतरे। इनमें शासकीय माध्यमिक विद्यालय भरड़ ने दूसरी बार यह उपलब्धि हासिल की है। इससे पहले सत्र 2016-17 में भी विद्यालय राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार से सम्मानित हो चुका है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक घनश्याम पाटीदार, वरिष्ठ शिक्षिका शबनम अख्तर, इको क्लब प्रभारी लोकेंद्र शर्मा, विद्यालय प्रबंधन समिति, ग्रामीण समुदाय एवं विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयासों से यह सफलता मिली है। इस उपलब्धि पर भारत सरकार द्वारा विद्यालय को मेरिट प्रमाण-पत्र के साथ स्वच्छता एवं हरित गतिविधियों के सुदृढ़ीकरण के लिए एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी।
विद्यालय में नियमित शैक्षणिक गतिविधियों के साथ योग, व्यायाम, खेल, नैतिक शिक्षा, ईमानदारी की दुकान, पक्षियों के लिए दाना बैंक, पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण, स्वच्छता अभियान तथा पॉलीथीन मुक्त परिसर जैसी गतिविधियों का भी सफल संचालन किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों के समग्र विकास को बढ़ावा मिल रहा है।