नीमच। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत मनासा पुलिस ने अपहृत नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश अवस्थी ने बताया कि 1 जुलाई 2026 को एक व्यक्ति ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पोती सहेली के घर पढ़ाई का कहकर निकली थी, लेकिन देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की। काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर थाना मनासा में अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित स्थानों पर तलाश की। तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), सोशल मीडिया मॉनिटरिंग तथा मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। मामले में हरिश तंबोली पिता सोहनलाल तंबोली, निवासी कुकड़ेश्वर को गिरफ्तार किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निलेश अवस्थी, उपनिरीक्षक सपना राठौर, सहायक उपनिरीक्षक दिलीप कुमार एवं महिला आरक्षक सपना शक्तावत की सराहनीय भूमिका रही।