शाजापुर। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, अरनियाकला में कक्षा 9वीं, 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के लिए साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को ओटीपी साझा न करने, ऑनलाइन स्कैम, बायोमेट्रिक धोखाधड़ी, सिम स्वैप, डिजिटल अरेस्ट और अन्य साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। साथ ही अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, मोबाइल ऐप और सोशल मीडिया संदेशों से सावधान रहने तथा किसी भी स्थिति में बैंकिंग जानकारी, पासवर्ड, ओटीपी या बायोमेट्रिक विवरण साझा नहीं करने की सलाह दी।
विशेषज्ञों ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति स्वयं को पुलिस, सीबीआई, बैंक या किसी सरकारी विभाग का अधिकारी बताकर धमकाए या डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाए, तो घबराने के बजाय तत्काल अभिभावकों, विद्यालय या साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करें।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से समाधान किया। अंत में सभी विद्यार्थियों से सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने का संकल्प लेने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य अशोक कुमार राजे, पीएम श्री गतिविधि प्रभारी शिवदास पांडेय, वरिष्ठ शिक्षक बी.एल. सिंह, कार्यक्रम समन्वयक शहरम सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।