खनियाधाना। मायापुर थाने के अंतर्गत आने वाले ग्राम बादली के तेंदू वाली माता मंदिर के घने जंगलों को जुआ का फड चलाने वालों ने अपना ठिकाना बना रखा है। ऐसी सूचना मायापुर पुलिस और जिला पुलिस को बराबर मिल रही थी।
पुलिस अधीक्षक शिवपुरी रघुवंश सिंह भदोरिया एवं एसडीओपी प्रशांत शर्मा के सख्त निर्देश के बाद मायापुर पुलिस और खनियांधाना पुलिस द्वारा बादली व विवेका के घने जंगल में लगातार दो दिनों से सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। लेकिन सर्चिंग के दौरान पुलिस को कोई खास सफलता हाथ नहीं लगी है। लेकिन मायापुर पुलिस सतर्क है और जुआरियों के मूवमेंट पर दो थानों का पुलिस फोर्स नजर रखे हुए हैं। हालांकि पुलिस को अब तक भी न तो जुआरी हाथ लगे न ही कोई लोकेशन मिल सकी है और न ही उनके होने की कोई पुष्टि हो सकी है। बावजूद इसके पुलिस अधिकारियों ने जंगल में सर्चिंग जारी रखने के निर्देश टीम को दिए हैं।