इन्दौर। कोष एवं लेखा अधिकारी / कर्मचारी सहकारी साख संस्था मर्यादित इंदौर, द्वारा अपने 30 वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण करने के उपलक्ष में सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत शासकीय माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 11 नंदा नगर इंदौर को गोद लेते हुए विद्यालय की आधारभूत आवश्यकताओं को पूर्ण करने का जिम्मा विगत अक्टूबर माह 2023 की बैठक में लिया गया था।
संस्था के सदस्यों द्वारा बढ़-चढ़कर व्यक्तिगत सहयोग के द्वारा स्कूल प्रबंधन के माध्यम से पेयजल की स्थाई व्यवस्था, कक्षा में नए ब्लैक बोर्ड, घड़ी एवं ठंड से बचाव हेतु खिड़की पर पर्दे आदि कार्य करवाए गए । इसी प्रकार सांस्कृतिक कार्यों हेतु बच्चों को सरस्वती माता की बड़ी फोटो, चेयर्स, म्यूजिक सिस्टम, सजावट की सामग्री आदि उपलब्ध कराई गई एवं बच्चों के आउटडोर स्पोर्ट्स एक्टिविटी हेतु विभिन्न खेल सामग्रियां उच्च गुणवत्ता की उपलब्ध कराई गई। संस्था ने सामाजिक दायित्व पूर्ण करने के उपलक्ष में कार्यक्रम का आयोजन वित सेवा की वरिष्ठ सदस्य सुरेन्द्र कौर बग्गा मैडम के करकमलों से किया गया । उन्होने संस्था के बच्चों के द्वारा किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रमों व संस्था के प्रयासों की प्रशंसा की एवं पुस्तकों का संग्रह स्कूल हेतु उपलब्ध कराया गया । बच्चों के द्वारा इस अवसर पर नृत्य व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। संस्था के अध्यक्ष अखिल कुमार वर्मा ने अपने उद्बोधन में प्रतिवर्ष इसी प्रकार सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत प्रयास को जारी रखने व सहयोग हेतु संस्था के सदस्यों व स्कूल प्रबंधन का धन्यवाद दिया |
इस अवसर पर वित्त सेवा की अधिकारी रितिका पाटीदार के वर्ष 2019 में एमपीएससी परीक्षा में डिप्टी कलेक्टर पद हेतु चयन होने पर स्वागत श्रीफल व उपहार देकर किया गया। विद्यालय की प्राचार्या भावना ठाकुर मैडम ने संस्था के प्रयासों और सहयोग हेतु संस्था का विशेष आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन के साथ संस्था के वरिष्ठ सदस्य केसी पटेरिया, भरत कुमार, केडी बैरागी, मनीषा मिश्रा, विशाखा तुलापुरकर एवं संस्था की कार्यकारिणी के समस्त सदस्य उपस्थित हुए। मंच का संचालन शिक्षाविद तथा रस्म संस्था के अध्यक्ष भगवती पंडित द्वारा किया गया।