इंदौर। नगर निगम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू कर दिया है। गुरुवार को नगर निगम रिमूवल अमले के साथ पुलिस भी खजराना पहुंची। टीम के पहुंचते ही हडकंप मच गया। कार्रवाई के दौरान मौजूद लोग विरोध करने लगे।
इंदौर में बंबई बाजार का अतिक्रमण हटाने के बाद यह कार्रवाई खजराना में हुई। रिमूवल टीम स्टार चौराहा से खजराना दरगाह के पास तक कार्रवाई करने पहुंची। मेन रोड पर दुकानों के बाहर लगे शेड, फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया।
नगर निगम अमले ने गुरुवार को स्टार चौराहा से अतिक्रमण हटाना शुरू किया और हाजी कॉलोनी तक 1 किलोमीटर की दूरी तक अतिक्रमण हटाया गया। निगम अफसरों का कहना है कि लगातार चेतावनी के बाद भी सरकारी जमीन और रोड पर अतिक्रमण करके कई लोग कारोबार कर रहे थे। गुरुवार को ऐसे करीब 200 से ज्यादा अतिक्रमण हटाए गए।
मौके पर 8 जेसीबी, 7 रिमूवल टीमों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल पहुंचा था। लगभग 200 से अधिक दुकानों के सामने से अतिक्रमण हटाया गया। शुरुआत जमजम चौराहा और खजराना थाने के पास से हुई। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र के कुछ दुकानदारों ने स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा दिया।