नीमच। नगरपालिका परिषद्, नीमच द्वारा नपाध्यक्ष स्वाति गौरव चौपड़ा के मार्गदर्शन में जारी विकास श्रृंखला के तहत 23 फरवरी, 2024 शुक्रवार को नीमच के दशहरा मैदान पर प्रातः 11.30 बजे प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा अन्य अतिथिगणों की उपस्थिति में कायाकल्प 2.0 योजनान्तर्गत ढाई करोड़ रूपये की लागत से होने वाले सड़कों के नवीनीकरण एवं मजबूतीकरण निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया जावेगा। इस अवसर पर विशेष अतिथि क्षेत्रीय सांसद सुधीर गुप्ता व राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार करेंगे एवं विशिष्ठ अतिथि के रूप में जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा, मनासा विधायक अनिरूद्ध मारू, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जनसिंह चौहान, नीमच नपा अध्यक्ष स्वाति गौरव चौपड़ा उपस्थित रहेंगे।
उक्त जानकारी देते हुए मुख्य नपा अधिकारी महेन्द्र वशिष्ठ, नगरपालिका उपाध्यक्ष रंजना करणसिंह परमाल, लोक निर्माण सभापति मनोहर मोटवानी ने बताया कि म.प्र. शासन द्वारा प्रदेश के शहरों के कायाकल्प हेतु प्रारंभ की गई कायाकल्प 2.0 योजनान्तर्गत 250 लाख (ढाई करोड़) की लागत से होने वाले सड़कों के नवीनीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य के तहत इंदिरा नगर से दीनदयाल वाटिका तक, एलआईसी चौराहे से अंग्रेजों के कब्रिस्तान तक, वार्ड क्र.29, विकास नगर 14/2, जैन मंदिर से गोमाबाई रोड़ तक तथा कमल चौक से ग्वालटोली रोड़ तक की सड़कों का भूमिपूजन होगा।
मुख्य नपा अधिकारी वशिष्ठ ने समस्त सभापतिगण, समस्त पार्षदगण, पत्रकारगण व गणमान्य नागरिकों से कार्यक्रम में उपस्थित होने का अनुरोध किया है।