टीकमगढ़। लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी डॉ वीरेंद्र कुमार बुधवार को नामांकन फॉर्म दाखिल करने कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी और कलेक्टर अवधेश शर्मा को नामांकन सौंपा। इस दौरान उनके साथ टीकमगढ़ और निवाड़ी जिले के भाजपा जिलाध्यक्ष सहित जतारा विधायक हरिशंकर खटीक मौजूद रहे।
दरअसल, भाजपा प्रत्याशी डॉक्टर वीरेंद्र कुमार को 2 अप्रैल को नामांकन फॉर्म दाखिल करना था। उनका पर्चा भरवाने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा का टीकमगढ़ कार्यक्रम प्रस्तावित था। लेकिन 1 अप्रैल को मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष का टीकमगढ़ दौरा रद्द हो गया। लोकसभा चुनाव के संयोजक विवेक चतुर्वेदी ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के मध्य प्रदेश दौरे के चलते सीएम का प्रोग्राम निरस्त हुआ था।
सीएम का प्रोग्राम कैंसिल होने के बाद आज भाजपा प्रत्याशी डॉ वीरेंद्र कुमार स्थानीय नेताओं के साथ नामांकन फॉर्म दाखिल करने पहुंचे। पार्टी के चुनाव कार्यालय से बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ डॉ वीरेंद्र कुमार कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर पहुंचे।
इसके बाद अंदर केवल पांच लोगों को प्रवेश दिया गया। जिसमें डॉक्टर वीरेंद्र कुमार के अलावा निवाड़ी भाजपा जिला अध्यक्ष अखिलेश अयाची, टीकमगढ़ जिला अध्यक्ष अमित नुना, जतारा विधायक हरिशंकर खटीक और सांसद प्रतिनिधि अनुराग वर्मा शामिल रहे। कलेक्ट्रेट दफ्तर पहुंचकर डॉक्टर वीरेंद्र कुमार ने जिला निर्वाचन अधिकारी को अपना नामांकन फॉर्म सौंपा।