गुना। नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा में म्याना के 8 विद्यार्थियों का चयन हुआ। सभी छात्र एक ही कस्बे के हैं। प्रवेश परीक्षा में सफल होने पर उनके परिवार वालों ने गाइड करने वाले शिक्षक को सम्मानित किया। परिजनों ने शिक्षक को वाशिंग मशीन भेंट की।
बता दें कि नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित हो चुका है। परीक्षा में म्याना कस्बे के 8 छात्र-छात्राओं का चयन हुआ है। इस सफलता के बाद विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की खुशी का ठिकाना नहीं है। नवोदय विद्यालय में अध्ययन के लिए चयनित होने पर सभी प्रसन्न हैं और मार्गदर्शन देने वाले शिक्षकों का आभार जता रहे हैं।
नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा में म्याना के छात्र साहिल कुर्रेशी, देव शर्मा, मयंक खटीक, आदित्य साहू, शिवकुमार चंदेल, हेमंत धाकड़, मनदीप शर्मा और समर धाकड़ का चयन हुआ है। इनमें से अधिकांश छात्र-छात्राएं गरीब वर्ग अथवा छोटे किसान परिवारों से ताल्लुक रखते हैं। इसके अलावा अभिभावकों ने खुशी का इजहार किया और छात्र-छात्राओं को मार्गदर्शन देने वाले शिक्षक वरुण अग्रवाल को उपहार स्वरूप वॉशिंग मशीन भेंट की है। अभिभावकों द्वारा शिक्षक अग्रवाल का माला, शॉल, श्रीफल पहनाकर सम्मान किया। कोचिंग द्वारा भी नवोदय विद्यालय में चयन के बाद छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सम्मानित किया है।