नीमच। शहर की यातायत व्यवस्था लंबे समय से चरमराई हुई है। यातायात नियमों के पालन में जागरूकता की कमी अक्सर देखी जाती है।फलस्वरूप कई बार इसके गंभीर परिणाम भी देखने को मिलते हैं। शहर के व्यस्ततम बाजार पुस्तक बाजार, बोहरा बाजार, नया बाजार, तिलक मार्ग,बस स्टैंड आदि जगहों पर पार्किंग की परेशानी जगजाहिर है।बेतरतीब खड़े वाहनों से आवाजाही में अमूमन दिक्कतें खड़ी होती है। हाल ही में उर्मिला चौहान यातायात थाना प्रभारी के रूप में नीमच में पदस्थ हुई है। उज्जैन और इंदौर में काम करने का उर्मिला चौहान के पास लंबा अनुभव है। उन्होंने वॉइस आफ एमपी से चर्चा करते हुए कहा कि हाल ही में कार्यभार संभालने के बाद यहां की ट्रैफिक व्यवस्थाओं को समझ कर अब यातायात को सुरक्षित और नियम अनुसार करने हेतु सुनियोजित क्रियान्वयन शुरू करेंगे। शहर के प्रबुद्ध, सामाजिक और राजनैतिक लोगों की राय भी ली जाएगी। वरिष्ठ अधिकारियों से दिशा निर्देश प्राप्त कर शहर की यातयात व्यवस्था को माकूल बनाना प्राथमिकता है। ट्रैफिक सिग्नल शुरू करने और वन वे के उपायों पर भी उन्होंने अपनी बात रखी।गौरतलब है कि शहर में अक्सर नाबालिग बच्चे दो पहिया और चार पहिया वाहन चलाते हुए देखे जा सकते हैं। बिना हेलमेट के गाड़ी चलाना, चार पहिया वाहनों पर सीट बैल्ट ना लगाना, दो पहिया वाहनों पर तीन-तीन सवारी के साथ गाड़ी चलाना आम बात है। फ्रूट मार्केट, सब्जी मंडी, स्टेशन रोड स्थित कृषि मंडी,बघाना आदि जगहों पर भी यातायात को लेकर अव्यवस्था है।