भोपाल। ठेका मजदूर संघ ने नईदिल्ली से आईं जोनल मेडिकल कमिश्नर डॉ. कमलेश को बीमा अस्पताल सोनागिरी की समस्याएं बताते हुए ज्ञापन सौंपा। डॉ. कमलेश जांच के लिए अस्पताल पहुंची थीं। संघ के कार्यकारी अध्यक्ष तोरण सिंह मीणा ने बताया कि अस्पताल की पैथोलॉजी में कोई सुविधा नहीं है, एक ही ड्रिप तीन-तीन दिन तक चलाई जाती है और सोनोग्राफी, थायराइड की जांच के लिए भी लोग भटकते रहते हैं।
मीणा ने बताया कि ये सभी जांचें पहले अस्पताल में ही हो जाती थीं। मरीजों को दूसरे अस्पताल भी जांच के लिए नहीं भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि कमिश्नर भरोसा दिलाया है कि 20 दिनों में सभी समस्या हल कर दी जाएंगी, मरीज को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होगी। मीणा ने कहा कि यदि 20 दिन में इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो संघ आंदोलन की रूपरेखा तय करेगा।
इस अवसर पर संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जयपाल सिंह सोलंकी, केसर सिंह परमार, अर्जुन सिंह परमार, वीरेंद्र सिंह यादव, ज्ञान सिंह अहिरवार, संतोष कुर्रे, राजाराम, अशोक, हरि सिंह, बीके ठाकरे, अवधेश सोनी प्रमुख रूप से उपस्थित थे।